सीएम का इंदौर में बड़ा बयान : हिंदू किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं

इंदौर।  मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा- ‘हिंदू किसी को डराता नहीं है, हिंदू किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। देवता भी इस भारत की धरती पर जन्म लेने के लिए तरसते हैं’।

इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह  स्काउट ग्राउंड, चिमनबाग पर आयोजित किया गया। इस समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस साल की दीपावली खास है। पांच सौ साल बाद श्री राम अयोध्या लौटे हैं और वहां असली दीपावली मनाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हिंदू किसी को डराता नहीं है, हिंदू किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। देवता भी इस भारत की धरती पर जन्म लेने के लिए तरसते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि देवी अहिल्या ने देश के कई धार्मिक स्थानों पर घाट और धर्मशालाएं बनवाई थीं। हमारी सरकार गरीबों के कष्टों का निवारण कर उन्हें खुशहाली प्रदान करेगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विमानतल पर मीडिया से चर्चा करते हुए छत्रीपुरा में हुए उपद्रव पर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है और सभी को साथ लेकर चलती है। हिंदू समाज को कोई कैसे पटाखे फोड़ने से रोक सकता है? उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों से सरकार सख्ती से निपटने में सक्षम है। प्रदेश में कानून का राज चलता है। प्रदेश सरकार सभी को साथ रखकर विकास करना चाहती है, लेकिन यह भरोसा भी दिलाती है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Author: Dainik Awantika