गुंडा अभियान : मंगल नगर में बदमाश के मकान पर चली जेसीबी

उज्जैन। गुंडे बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को नगर निगम और पुलिस की टीम मंगल नगर पहुंची। जहां बदमाश के मकान को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया है। निगम टीम को मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण होने की जानकारी भी मिली थी जिसे यादव नगर में पहुंचकर हटाया गया। चिमनगंज थाना क्षेत्र के आगर रोड स्थित मंगल नगर में रहने वाला श्याम पिता बद्रीलाल बरगुंडा क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है। जिसे कुछ समय पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बदमाश लगातार अपराधिक गतिविधियों में शामिल है। उसके खिलाफ चिमनगंज थाने में ही 17 से अधिक संगीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिसके चलते पुलिस ने उसके मकान को तोडऩे के लिए गुंडा अभियान में शामिल किया और मकान निर्माण की जानकारी निगम से प्राप्त की। बदमाश ने अवैध तरीके से मकान बना रखा था। निर्माण की अनुमति भी नगर निगम से नहीं ली गई थी। बिना अनुमति मकान का निर्माण करने पर नगर निगम की अतिक्रमण गैंग और पुलिस की टीम दोपहर में मंगल नगर पहुंची और जेसीबी की मदद से बदमाश के मकान को जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान परिवार ने विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के आगे विरोध काम नहीं आ पाया।