पचमढ़ी में दो दिन शिवराज सरकार का मंथन : चलती बस में बोले सीएम- पौने दो साल का ऐसा रोडमैप बनाएंगे कि पूरा देश देखेगा

ब्रह्मास्त्र भोपाल। प्रदेश की शिवराज सरकार का पूरा फोकस अब मिशन 2023 पर है। सरकार अपने स्तर पर पूरी तैयारी में जुट गई है। सीएम शिवराज सिंह अपनी कैबिनेट के साथ शुक्रवार शाम बस से पचमढ़ी रवाना हुए हैं। पचमढ़ी में दो दिन तक मंथन चलेगा। विकास की योजनाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा। पचमढ़ी जाते समय सीएम शिवराज ने बस में ही माइक थाम लिया। हम पौने दो साल का ऐसा रोडमैप बनाकर लाएंगे और उस पर अमल करेंगे, जिसे पूरा देश देखेगा। सीएम शिवराज ने कहा कि इस तरह विचार करने से अमृत निकलता ही है।
खास बात यह है कि बैठक में अधिकारी शामिल नहीं हो रहे हैं। मंत्रियों को सिर्फ एक स्टाफ ले जाने के लिए कहा गया है। पहले दिन शनिवार को सरकार की योजनाओं के सुधार के लिए मंत्री समूहों का प्रेजेंटेशन होगा। इसमें मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, कन्या विवाह व लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों के लिए योजना बनाने जैसे 13 मुद्दों पर प्रेजेंटेशन होंगे।
दूसरे दिन विभागीय कार्यों, नए आइडिया व आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही, मंत्रियों के प्रभार के जिलों से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी। इसमें उनसे फीडबैक लिए जाएंगे। पार्टी से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ राजनीतिक रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। आगामी चुनावों की रणनीति बनाने के लिए सभी से चर्चा कर सुझाव लिए जाएंगे।
शिवराज ने कहा कि हमारा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य तय है। जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। योजनाओं में सुधार किया जा सकेगा। कोई गैप होगा, तो उसे दूर किया जाएगा। कुछ समस्याएं प्रदेश के सामने हैं। उनके समाधान के लिए रास्ता निकालेंगे।