इंदौर में तीन तलाक के बाद सास का सितम

-सास बोली- वो मर्द है, ऐसा कर सकता है, महिलाओं को आपे में रहना चाहिए

ब्रह्मास्त्र इंदौर। शहर में महिला को तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। वजह यह है कि महिला ने अपने पति को दूसरी महिलाओं को घर लाने और वीडियो कॉल पर बात करने से रोका था। वहीं, जब महिला ने सास से पति की शिकायत की तो उसने कहा कि वह मर्द है, ऐसा कर सकता है। पीड़िता ने खजराना थाने में पति के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।
टीआई दिनेश वर्मा के मुताबिक 33 साल की शबाना बी निवासी कादर कॉलोनी ने शिकायत की है। उसके पति कुतुबुद्दीन पुत्र स्व. कमरुद्दीन दाल निवासी चंपाबाग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कुतुबुद्दीन सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में लोहे, पुष्टे-स्क्रेप का कारोबार करता है। उसके इंडस्ट्रियल एरिया में गोदाम भी हैं। शबाना के मुताबिक बुधवार रात पति से उसका विवाद हुआ था। पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। गुरुवार को वह मायके पक्ष के साथ थाने आई और केस दर्ज कराया।
महिलाओं को घर लाता था पति
शबाना ने बताया कि उसका पति आए दिन अपनी महिला मित्र फिरदौस और मरजीना को घर लेकर आता था। इसी बात को लेकर छह महीने पहले भी उसका पति से विवाद हुआ था। पति उसे धमकाता रहता था कि वह उसके बीच में न आए। इसके बाद कुतुबुद्दीन ने दोनों को घर लाना बंद कर दिया। हालांकि, शबाना को इस बात की शंका थी कि पति अब भी मोबाइल पर महिलाओं से बात करता है।