दिल्ली चुनाव : पीएम मोदी के साथ स्टार प्रचारक होंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के साथ राजस्थान और मप्र के मुख्यमंत्रियों डॉ. मोहन यादव और भजनलाल शर्मा को भी जगह मिली है। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को भी पार्टी ने स्टार प्रचारक बनाया है। भाजपा की ओर से जारी सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी, पीयूष गोयल को स्टार प्रचारक के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा जिन मुख्यमंत्रियों को सूची में जगह मिली है, उनमें यूपी के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के पुष्कर धामी और असम के हिमंत बिस्वा शर्मा शुमार हैं। पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी के दिल्ली की किसी सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें चल रहीं थीं, हालांकि स्टार प्रचारक की सूची में नाम आने के कारण इन पर विराम लग गया है।

Author: Dainik Awantika