बर्फीली हवा से फिर ठिठुरा एमपी… आज कोल्ड-डे

भोपाल। मध्यप्रदेश एक बार फिर बर्फीली हवा से ठिठुर गया है। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के 18 शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही। यहां दिन का पारा 23 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। शनिवार को भोपाल, सागर समेत 7 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट है। मध्यप्रदेश के आधे हिस्से में सुबह मध्यम से घना कोहरा रहा। शनिवार को सेंधवा, अशोकनगर और टीकमगढ़ में कोहरा छाया हुआ है। सेंधवा में सीजन में दूसरी बार सबसे घना कोहरा है, यहां विजिबिलिटी करीब 10 मी देखी जा सकती है। अशोकनगर में विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब है। बाजार में लोग गाड़ियों की हैडलाइट जलाकर निकल रहे हैं। प्रदेश में उत्तरी हवा आ रही है। इससे ठिठुरन बढ़ गई है और तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, कड़ाके की ठंड का असर अब और भी बढ़ेगा क्योंकि बर्फीली हवा की रफ्तार बढ़ेगी। अगले 3 दिन प्रदेश में कोहरा छाया रहेगा।

शुक्रवार को जेट स्ट्रीम हवा 287 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती रही। हवा चलने और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) ने ठंड का असर बढ़ाया है। मौसम विभाग ने पूरे जनवरी महीने में तेज सर्दी पड़ने की संभावना भी जताई है।

शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के 18 शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 19 डिग्री, इंदौर में 21.2 डिग्री, ग्वालियर में 20.3 डिग्री, उज्जैन में 20.5 डिग्री, जबलपुर में 20.8 डिग्री तापमान रहा। सबसे ठंडा रायसेन रहा। यहां दिन का तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसी प्रकार शिवपुरी में 19.2 डिग्री, नौगांव में 20.5 डिग्री, रीवा में 20.6 डिग्री, दमोह में 20.8 डिग्री, गुना में 20.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 21 डिग्री, धार-सागर में 21.4 डिग्री, सीधी में 21.8 डिग्री, खजुराहो में 22.2 डिग्री, पचमढ़ी में 22.6 डिग्री और सतना में 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरा छाया रहा। वहीं, रात के तापमान में भी गिरावट हुई।

 

 

 

Author: Dainik Awantika