पानीपत। हरियाणा के रहने वाले ओलिंपियन नीरज चोपड़ा ने शादी कर ली है। नीरज ने रविवार रात सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शादी की तस्वीरें शेयर कीं। अब वह हनीमून के लिए अपनी पत्नी के साथ विदेश चले गए हैं। उन्होंने सोनीपत के लड़सौली गांव की रहने वाली टेनिस प्लेयर हिमानी मोर के साथ 7 फेरे लिए हैं। भारत लौटने के बाद रिसेप्शन पार्टी होगी। नीरज ने लिखा- ‘जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की।’ परिवार ने शादी के बारे में किसी को सूचना नहीं दी थी। नीरज की पोस्ट के बाद रिश्तेदार और पड़ोसी रात को ही उनके पानीपत स्थित खंडरा गांव में उनके घर पहुंचे और बधाइयों का दौर शुरू हो गया। नीरज की पत्नी हिमानी मोर के पिता चांद राम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से करीब 2 महीने पहले ही रिटायर हुए हैं। हिमानी के पिता ने गांव में खेल स्टेडियम बनाया हुआ है। वह यहां खिलाड़ियों को सर्कल कबड्डी खिलाते हैं। नीरज के चाचा सुरेंद्र चोपड़ा बताया कि शादी का कार्यक्रम बहुत ही गुपचुप तरीके से रखा गया था। शादी में सिर्फ लड़का और लड़की के परिवार के सदस्य शामिल हुए। गांव और रिश्तेदारी में भी किसी को शादी के बारे में नहीं पता था। यह शादी 17 जनवरी को भारत में हुई है।