उज्जैन। एमआर-5 मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार रात 12 बजे के लगभग आटो और कार के बीच भिड़ंत हो गई। आटो में चालक और उसका परिवार सवार था। दुर्घटना में चालक और उसकी बेटी की मौत हो गई। कार बेकाबू होने के बाद नाले में जा गिरी। शनिवार सुबह दुर्घटना से आहत परिजनों ने समाजजनों के साथ मिलकर चक्काजाम कर दिया।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि एमआर-5 मार्ग पर सीएनजी पेट्रोल पम्प से गैस भरवाने के बाद आटो क्रमांक एमपी 13 आर 4892 आ रही थी। उसी दौरान रोड क्रॉस करते समय पांड्याखेड़ी ब्रिज से रफ्तार से दौड़ती कार क्रमांक एमपी 13 झेड एन 9406 आई और आटो से जा भिड़ी। आटो पलटी खा गया, कार बेकाबू होने के बाद सड़क किनारे खड़ी ट्रेक्टर-ट्राली से टकराते हुए नाले में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल हंडेÑड मौके पर पहुंच गई थी। आटो में सवार 2 मासूम बच्चों के साथ महिला-पुरूष को चरक भवन पहुंचाया गया। जहां सामने आया कि आटो चालक शेख जिशान पिता शेख अनवर 35 वर्ष ढांचा भवन का रहने वाला है। घायलों में उसकी पत्नी शाहना 32 वर्ष, पुत्र आरिश 6 माह और पुत्री अनाबिया 1 वर्ष है। डॉक्टरों ने सभी को उपचार के लिये भर्ती किया लेकिन कुछ देर बाद ही शेख जिशान और उसकी पुत्री अनाबिया की मौत हो गई। मां-बेटे का उपचा चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग चरक भवन पहुंच गये थे। उन्होने बताया कि जिशान अपने ससुराल गया था, जहां से पत्नी और बच्चों के साथ वापस ढांचा भवन लौट रहा था। बताया जा रहा है कि कार में करण और जीवन नामक युवक सवार थे। पुलिस ने करण को हिरासत में ले लिया है। जीवन की तलाश जारी है। मामले में दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर पिता-पुत्री का शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया।
सेंटपाल स्कूल के सामने चक्काजाम
पिता-पुत्री का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों और समाजजनों के साथ क्षेत्र के रहवासियों ने एमआर-5 मार्ग सेंटपाल स्कूल के सामने चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना था कि मार्ग पर आसपास कालोनियों में जाने के लिये कट पाइंट बनाये गये है। मार्ग पर स्प्रीड ब्रेकर नहीं है, मार्ग आगर-मक्सी रोड को जोड़ने के लिये बायपास बनाया गया है। यहां से बड़े वाहनों का आवागमन भी होता है। जिसके चलते आये दिन दुर्घटना होती है। दोपहर के समय सेंटपाल स्कूल की छुट्टी होने पर दुर्घटना का खतरा काफी अधिक रहता है। चक्काजाम की खबर लगते ही चिमनगंज थाना प्रभारी हितेश पाटिल और पुलिस बल पहुंच गया था। काफी समझाईश के बाद लोग चक्काजाम खोलने को तैयार नहंी थे। उनकी मांग थी कि मार्ग पर जल्द से जल्द स्प्रीड बेकर लगवाये जाये। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।