दैनिक अवन्तिका उज्जैन।
महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व इस बार 17 फरवरी 2025 से शुरू होगा। नो दिन शिव नवरात्रि की धूम रहेगी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का मुख्य पर्व रहेगा। 27 फरवरी को इसका दिन में भस्मारती के साथ समापन होगा। मुख्य पर्व के दौरान मंदिर में शीघ्र दर्शन की 250 रुपए वाली टिकट जी सुविधा बंद रखी जाएगी।
यह निर्णय शुक्रवार को मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में लिया गया। महाकाल लोक के त्रिनेत्र कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में यह बैठक हुई। महाशिवरात्रि पर्व पर दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की व्यवस्था नववर्ष की तरह ही रहेगी। परिवर्तन का निर्णय निरीक्षण के उपरान्त लेंगे। नववर्ष की तरह महाशिवरात्रि पर्व पर भी आम लोगों के लिए शीघ्र दर्शन सुविधा 250 की टिकट बंद रहेगी। विशिष्ट, अतिविशिष्ट अतिथि को शीघ्र दर्शन टिकिट से दर्शन कराए जाएंगे। दर्शनार्थियों को लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराने हेतु मंदिर समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर काउण्टर पहले से अधिक संख्या में स्थापित किये जायेगे। बैठक में महापौर मुकेश टटवाल, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, ए.डी.एम. एवं प्रशासक अनुकूल जैन, मुख्य मंदिर प्रबंध समिति सदस्य पुजारी प्रदीप गुरु, राम पुजारी मौजूद थे।
शहर के 6 जगह पर 3 हजार लोगों के लिए मंदिर से भेजेंगे भोजन
बैठक में दीनदयाल रसोई योजना के संचालन के अंतर्गत उज्जैन शहर में निवासरत गरीब, भिक्षुक, असहाय, निःशक्तजन एवं ऐसे व्यक्ति जो स्वयं भोजन का प्रबंध करने में असमर्थ है, को श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा भगवान श्री महाकालेश्वर जी का निःशुल्क भोग/भोजन प्रसाद उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया, जिसके अंतर्गत नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा शहर के 06 स्थानों पर स्थापित भोजन केन्द्र में 500 व्यक्ति प्रति भोजन केन्द्र पर कुल 3000 व्यक्तियों के लिए भोजन पहुंचाया जाएगा।
धर्मशाला का विस्तार करेंगे, पुराने वाहन हटाएंगे
– त्रिवेणी संग्रहालय के पास महाकाल। धर्मशाला में सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुवे ऊपर 4 फ्लोर (जी+04) का निर्माण करेंगे। निर्माण दानदाता के माध्यम से या समिति स्वयं करेगी।
समिति के वाहन बोलेरो, टाटा मेजिक लोडिंग वाहन एवं मारूति वेन लगभग 15 से 20 वर्ष पुराने होने के कारण वर्तमान में उपयोग में नहीं लिए जा सकते है, जिन्हे आर.टी. ओ. के माध्यम समिति बनाकर अपलेखित हटाने का निर्णय लिया गया।
महाकाल लोक में प्रोटोकाॅल, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजनों के लिए चलने वाली ई-कार्ट रिपेरिंग हेतु वर्कशाॅप बनाए जाने व मेकेनिक को रखे जाने का निर्णय लिया।
– सी.सी.टीवी. को अपग्रेड कर उसमे फायर स्मोक डिटेक्टर जैसी सुविधाएं भी सम्मिलित करने का निर्णय लिया गया।
– मंदिर में कार्यरत पुजारी/पुरोहित एवं कर्मचारियों को प्रदान की जाने वाली मेडिक्लेम सुविधा के अंतर्गत पारिवारिक समूह मेडिक्लेम पाॅलिसी 03 लाख रूपये की सुविधा प्रदान किये जाने की नीति बनाने पर सहमति व्यक्त की गई।
– निःशुल्क अन्नक्षेत्र में घटित घटना में स्व. श्रीमती रजनी खत्री के पुत्र को आर्थिक सहायता दिए जाने, कर्मचारी श्रीमती कला शर्मा एवं चन्द्र्रेश शर्मा को उनके उपचार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का निर्णय लिया।