इंदौर। इंदौर के बाणगंगा में किराए से रहने वाली एक महिला सिपाही ने अपने रूम में फांसी लगा ली। फोन नहीं उठाने के चलते एक दोस्त रात में उसके रूम पहुंचा तो वह फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने परिवार को सूचना दी। वह ट्रैफिक थाना महूनाका पर पदस्थ थी। पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है। बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मानसी(23) पुत्री गणेश मुराडिया निवासी कुमहार खाडी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार के लोगों ने बताया कि मानसी इंदौर पुलिस में तीन साल से काम कर रही थी। वह महूनाका ट्रैफिक थाने में पदस्थ थी। शाम 5 बजे ड्यूटी से आई। इसके बाद उसने पिता गणेश से मोबाइल पर बात की और कुछ देर में खाना बनाने के लिए कहा। देर रात उसकी मौत की सूचना परिवार के लोगों को मिली।
मानसी मूल रूप से सुन्दरेल सतवास की रहने वाली है। उनके पिता बस ड्रायवर है। वहीं एक भाई पोस्ट आफिस में कार्यरत है। बड़ी बहन पढ़ाई कर रही है।पुलिस के मुताबिक मानसी एक परिचित की शादी में जाने वाली थी। इसके चलते उसने विभाग में छुट्टी की बात भी की थी। वह एक दिन पहले ही कपड़े लेकर आई थी। देर शाम उसकी भाई से भी बात हुई थी। परिवार के मुताबिक मानसी को पेट दर्द की शिकायत रहती थी। उसका उपचार भी चल रहा था। लेकिन इतनी कोई दिक्कत नही थी। पुलिस के मुताबिक उसका कमरा सील किया गया है। अभी मोबाइल भी कमरे पर है। मामले की जांच जारी है। परिवार के लोगों के मुताबिक उन्हें मामले में शंका है कि बेटी के साथ कुछ गलत नहीं हुआ हो।