इंदौर की फल एवं सब्जी मंडी में विशेष मांग पर बिक रहे 12 देशों के फल

इंदौर। इंदौर की देवी अहिल्याबाई फल एवं सब्जी मंडी में विदेशी फलों की धूम मची हुई है। एक दर्जन से अधिक देशों के फल यहां ग्राहकों को लुभा रहे हैं। ईरान, अमेरिका और टर्की से एप्पल, चीन से अंगूर और मिनी संतरा, वियतनाम से ड्रैगन फ्रूट, थाईलैंड से इमली, स्पेन से आलूबुखारा, चिली से चेरी, कीवी और ब्लूबेरी तथा साउथ अफ्रीका से माल्टा जैसे फल विशेष मांग पर बिक रहे हैं।

मंडी के प्रमुख फल व्यापारी मुन्नवर शेख के अनुसार, इन फलों की मांग मुख्य रूप से विदेश भ्रमण करने वाले या वहां रह कर आए लोगों से आती है। विशेष रूप से ड्रैगन फ्रूट और कीवी की मांग सबसे ज्यादा है, क्योंकि ये डेंगू में प्लेटलेट्स बढ़ाने में मददगार माने जाते हैं। बड़े कैटरिंग व्यवसायी भी शादी-समारोह के लिए इन फलों की मांग करते हैं।

ये सभी फल मुंबई पोर्ट के माध्यम से समुद्री मार्ग से आते हैं। एसी कंटेनर में 40 दिनों की यात्रा के बाद ये फल भारत पहुंचते हैं। हवाई मार्ग से मंगाने पर लागत बहुत अधिक आती है, इसलिए समुद्री मार्ग को प्राथमिकता दी जाती है। व्यापारी इन फलों को बड़े फ्रीजर में संरक्षित करके रखते हैं, जिससे ये लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं।

कोरोना महामारी के बाद से लोगों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए फलों के सेवन में जबरदस्त वृद्धि हुई है। अब लोग अपने दैनिक आहार में फलों को प्राथमिकता दे रहे हैं और दोनों समय के भोजन में इन्हें शामिल कर रहे हैं।

ईरान एप्पल- 1400 रुपए 1 बॉक्स में 10 किलो, 140 प्रति किलो। अमेरिका वाशिंगटन एप्पल- 4200 रुपए 1 बॉक्स में 20 किलो, 210 प्रति किलो। टर्की रॉयल गाला एप्पल- 3600 रुपए 1 बॉक्स में 18 किलो, 200 प्रति किलो। चाइना मिनी ऑरेंज- 1600 रुपए 1 बॉक्स में 9 किलो, 190 प्रति किलो। चाइना अंगूर- 1800 रुपए 1 बॉक्स में 7 किलो, 250 रुपए किलो। स्पेन आलू बुखारा- 1500 रुपए 1 बॉक्स में 5 किलो, 300 रुपए किलो। थाईलैंड ईमली- 4000 रुपए 1 बॉक्स में 10 किलो, 400 रुपए किलो। वियतनाम ड्रैगन फ्रूट- 1200 रुपए 1 बॉक्स में 20 नग, 60 रुपए एक नग। चिली कीवी- 1500 रुपए 1 बॉक्स में 4 किलो, 350 रुपए किलो। चिली चेरी- 1500 रुपए 1 बॉक्स में 2 किलो, 350 रुपए किलो। चिली ब्लू बैरी- 2200 रुपए 1 बॉक्स में डेढ़ किलो, 250 रुपए किलो।

 

Author: Dainik Awantika