राहुल गांधी आज दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंचेंगे महू, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी साथ होंगे

इंदौर। संसद में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान के विरोध में कांग्रेस आज महू में जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली का आयोजन कर रही है। रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। सांसद प्रियंका गांधी के आने की भी संभावना है। राहुल गांधी दोपहर करीब डेढ़ बजे महू पहुंचेंगे।कांग्रेस के सभा स्थल पर दो बड़े मंच बनाए गए हैं। पहले मंच पर 200 लोग बैठेंगे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सहित 95 लोग एआईसीसी के पदाधिकारी होंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री डिप्टी सीएम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष इसी मंच पर बैठेंगे। राहुल, खड़गे के साथ मध्यप्रदेश के विधायक पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव के साथ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और व्यवस्था में लगी चुनिंदा पदाधिकारी बैठेंगे। वहीं दूसरे मंच पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी और जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य बैठेंगे।

रैली से पहले सरकारी आदेश पर राजनीति

महू के वेटरनरी महाविद्यालय के पास मैदान में होने वाली सभा के लिए इंदौर ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव ने प्रशासन से अनुमति मांगी थी। 23 जनवरी को जारी अनुमति पत्र में प्रशासन ने शर्त में ‘कार्यक्रम में अनाउंसमेंट के दौरान कोई भी राजनैतिक व धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित रहेंगे।’ बिंदु को भी शामिल किया था। अनुमति मिलते ही कांग्रेस नेताओं और आवेदनकर्ता सदाशिव यादव ने आपत्ति जताई।

जिसके बाद प्रशासन ने 24 जनवरी शुक्रवार देर शाम ही अनुमति पत्र में संशोधन कर दूसरा पत्र जारी किया। जिसमें राजनीतिक भाषण करने की अनुमति दी गई है। वहीं धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित किया है।

कांग्रेस के सीएम, डिप्टी सीएम होंगे शामिल

महू की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के साथ ही कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्‌डी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी इस रैली में शामिल होंगे।

 

Author: Dainik Awantika