रतलाम। रतलाम से गुजर 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर लाल मिर्च फेंक लूट का प्रयास किया। घटना 8 लेन एक्सप्रेस वे पेट्रोलिंग वाहन के स्टाफ के साथ हुई है। पेट्रोलिंग वाहन के कर्मचारियों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान झूमाझटकी भी हुई। 8 बदमाशों में से 6 भागने में सफल हो गए। दो को पकड़ लिया है। घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने रतलाम से लेकर झाबुआ की सीमा तक 8 लेन एक्सप्रेस वे का निरीक्षण किया। घटना बुधवार-गुरुवार रात डेढ़ बजे की है। एक्सप्रेस-वे का पेट्रोलिंग वाहन थांदला की तरफ से रतलाम आ रहा था। दो बाइकों पर 8 लड़के शिवगढ़ के आगे गांव रूंडी के यहां दिखे। पेट्रोलिंग वाहन के कर्मचारियों ने रोककर पूछा तो उसी दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों पर लाल मिर्च फेंक दी, तलवार भी दिखाई। इस दौरान झूमाझटकी भी हुई। रात में ही पुलिस को सूचना दी। इस दौरान 6 बदमाश भाग गए। 2 को पकड़ लिया। रात में पुलिस पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर शिवगढ़ थाने ले आई। पेट्रोलिंग वाहन में अमित कुमार शर्मा व ड्रायवर नागर सिंह पिता फूलसिंह सवार थे।
शिवगढ़ थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि एक्सप्रेस वे पेट्रोलिंग वाहन के ड्रायवर नाहरसिंह की रिपोर्ट पर 2 नामजद व 6 अन्य के खिलाफ लूट के प्रयास का केस दर्ज किया। आरोपी राजकुमार (19) पिता अजय मुनिया निवासी हावड़ादेह (बाजना) हाल मुकाम वर्धमान नगर रतलाम व 16 साल के नाबालिग को गिरफ्तार किया है।