उदयपुर। उदयपुर में सामूहिक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 200 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल है। खाना खाने के कुछ देर बाद ही लोगों को उल्टियां शुरू हो गई। कुछ तो बेहोश तक हो गए। लोगों की तबीयत बिगड़ने पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और हालात बेकाबू हो गए। घटना उदयपुर में धानमंडी स्थित ओसवाल भवन में रविवार को हुई। 27 मरीजों का अभी भी एमबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें एक 15 साल की लड़की की हालत गंभीर होने पर उसे पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती किया गया है।
दरअसल यहां रविवार को तैलिक साहू समाज के सामूहिक विवाह कार्यक्रम था। जिसमें खाना खाने के कुछ देर बाद अचानक लोगों की तबीयत खराब होने लगी। लोगों को उल्टियां शुरू हो गई। कुछ बेहोश हो गए तो कुछ को दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद मरीजों को एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अलग से डॉक्टर्स की टीम लगाई और एक नया वार्ड खोला गया। एमबी हॉस्पिटल में देर रात 1 बजे तक एक के बाद एक मरीज भर्ती होते रहे और आंकड़ा करीब 220 तक पहुंच गया। इनमें 57 को वार्ड में भर्ती किया गया और बाकियों को दवाई देकर छुट्टी दे दी। भर्ती 57 मरीजों में इनमें 4 बच्चे हैं। एक 15 साल की बच्ची की हालत गंभीर होने से उसे पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती किया गया है। रात को भर्ती किए गए 57 मरीजों में से 30 मरीजों को सोमवार सुबह तक डिस्चार्ज कर दिया गया। 27 मरीजों का अभी भी इलाज जारी है।
6 हजार लोगों के लिए बनाया था खाना
हॉस्पिटल इमरजेंसी परिसर में रविवार को मरीजों के साथ उनके परिजन और समाज के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वार्ड में मरीजों के साथ उनके परिजन और परिचित भी जाने पर अड़ गए। माहौल गर्माता देख हाथीपोल थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास जाप्ते के साथ पहुंचे और लोगों से समझाइश करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। विवाह समारोह में करीब 6 हजार लोगों का भोजन था। जिसमें उदयपुर के अलावा आसपास जिलों से भी लोग आए थे।