उज्जैन पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाकाल को दिया दोनों बेटों की शादी का न्योता

उज्जैन। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे के साथ उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल को अपने दोनों बेटों के विवाह का आमंत्रण दिया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने गर्भगृह में पूजन-अभिषेक कर नंदी हॉल में ध्यान लगाया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह दोपहर करीब 2:30 बजे अपने परिवार के साथ श्री महाकाल मंदिर पहुंचे। पूजन के दौरान उन्होंने महाकाल भगवान से आशीर्वाद लेकर बेटे कुणाल और बेटे कार्तिकेय की शादी की पत्रिका उन्हें अर्पित किया। पूजन के पश्चात मंदिर समिति की ओर से चौहान और उनके परिवार का सम्मान किया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा और आशीर्वाद सब पर बना रहे। महाकाल सब का कल्याण करें। उन्होंने जब बुलाया तो भक्त चला आया। आज भगवान महाकाल को दोनों बेटों की शादी का सपरिवार निमंत्रण दिया है कि भगवान बेटों के विवाह में सपरिवार पधारें। बता दें कि शिवराज सिंह के दोनों बेटों, कुणाल और कार्तिकेय की शादी की तारीखें तय हो गई हैं। कुणाल की शादी 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर भोपाल में होगी, जबकि कार्तिकेय 5 और 6 मार्च को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधेंगे।

Author: Dainik Awantika