साइबर अपराधियो के मंसूबो पर लगाम लगाने मैदान में उतरी पुलिस -चौराहों पर नुक्कड सभा, गांवों में चौपाल लगाकर किया जा रहा जागरूक

उज्जैन। संचार क्रांति के युग में साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट के साथ आॅनलाइन फ्रॉड का जाल देशभर में फैला रखा है। साइबर अपराधियों के मंसूबो पर लगाम लगाने के लिए उज्जैन पुलिस दिन-रात लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रही है। स्कूलों में छात्र-छात्राओं से संवाद किया जा रहा है। चौराहा पर नुक्कड सभा के साथ गांवों में चौपाल लगाई जा रही है।
आॅनलाइन ट्रांजेक्शन युग की शुरूआत होने के बाद आमलोगों के साथ धोखाधड़ी के मामलों का ग्राफ काफी तेजी के साथ बढ़ता दिखाई दे रहा है। साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले बदमाशों द्वारा आये दिन नये तरीको को अपनाया जा रहा है और लोगों को अपने जाल में फंसाकर बड़ी रकम प्राप्त की जा रही है। सायबर क्राइम करने वालों ने पहले बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगना शुरू किया था। उसके बाद लिंक भेजकर अपने जाल में फंसाया जाने लगा। यहीं नही अब डिजीटल आरेस्ट कर लोगों को ठगा जा रहा है। साइबर क्राइम के बढ़ते ग्राफ को लेकर पुलिस ने भी अपराधियों के मंसूबों पर लगाम लगाने के लिये जागरूकता अभियान की बड़े स्तर पर शुरूआत की है। जिले में 1 फरवरी से 11 फरवरी तक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभाग जहां स्कूलों में छात्र-छात्राओं से संवाद कर साइबर क्राइम से बचने के लिये समझाईश दे रही। वहीं जागरूकता रथ भी शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा है। अभियान में बुधवार को पुलिस ने शहर के स्कूलों में पहुंचकर संवाद किया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के इंगोरिया में थाना प्रभारी आंद्रेयास कटारा टीम के साथ ग्राम बलेडी स्कूल पहुंचे, जहां छात्र-छात्राओं साइबर सुरक्षा की जानकारी दी और परिवार के सदस्यों को भी ऐसे जागरूक करने की बात कहीं। माकडोन थाना प्रभारी के विद्यालयों के साथ अपनी टीम में शामिल एएसआई प्रेमचंद्र खाटकिया, प्रधान आरक्षक महेन्द्र चौधरी, आरक्षक राजेन्द्रसिंह, प्रकाश जाट, जगदीश लबाना के साथ आमजन को जागरूक करने के लिये गांवों में चौपाल लगाई। मंगलवार-बुधवार रात को सीएसपी सुमित अग्रवाल, चिमनगंज थाना प्रभारी हितेश पाटिल और टीम के साथ मकोडिया आम चौराहा पहुंचे और नुक्कड सभा कर साइबर अपराध को लेकर लोगों से संवाद कर बचने के उपायों को साझा किया।

Author: Dainik Awantika