यातायात पुलिस कर्मियों का टोटा कई जगह रखे प्रीपेड बूथ लावारिस हालत में पड़े  रामानुज कोट के समीप रखे प्रीपेड बूथ को हटाया नहीं सुधार पा रही है यहां की यातायात व्यवस्था, लोग सड़क पर कर रहे हैं वाहन पार्क

उज्जैन। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जिन क्षेत्रों में यातायात का अधिक दबाव रहता है उन क्षेत्रों में नए प्रीपेड बूथ बनवाकर रखे गए थे और उनमें यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाना थी। ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। लेकिन कई जगह के प्रीपेड बूथ हटा दिए गए हैं इस कारण उन क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था अभी तक नहीं सुधर पाई है। इसके अलावा कुछ जगह अभी भी प्री-पेड बूथ लावारिस हालत में पड़े हुए हैं। जिन पर ताला लटका हुआ है। लेकिन अभी तक यहां पर जवानों को नियुक्त नहीं किया गया है। ऐसे ही पिछले दिनों महाकाल क्षेत्र में रामघाट मार्ग पर रामानुज कोट के समीप की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मुंबई की धर्मशाला के समीप नया प्रीपेड बूथ रखकर यातायात जवान की तैनाती की जाना थी। लेकिन अभी तक इस बूथ पर यातायात जवान की ड्यूटी नहीं लगाई गई। इस कारण कई दिनों तक यहां रखा प्रीपेड बूथ लावारिस हालत में पड़ा रहा। इसके बाद इस बूथ को यहां से हटा दिया गया। इस कारण अभी तक इस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। यहां की व्यवस्था नहीं सुधरने की वजह से हमेशा रामघाट मार्ग रामानुज कोट के समीप जाम लगा रहता है । लोग कहीं भी अपने वाहन खड़े कर चले जाते हैं। कई बार तो लोग सड़क पर ही वाहन पार्क कर चले जाते हैं ऐसे में बड़े वाहन नहीं निकल पाते हैं और रोज यहां की यातायात व्यवस्था बिगड़ी रहती है।
यातायात जवानों की खल रही कमी
इस बारे में विभाग के कुछ लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की कमी की वजह से यह स्थिति बनी हुई है। कई जगह लगाए गए बूथ पर अभी भी ताले लगे हुए हैं। यातायात जवानों की संख्या कम होने की वजह से कई बूथ लावारिस हालत में पड़े हैं। पिछले कई समय से यातायात विभाग में जवानों का टोटा है। शहर का क्षेत्रफल बढ़ गया है। वही महाकाल लोक बनने के बाद शहर के सभी मार्गों पर यातायात का अधिक दबाव रहता है ऐसे में यातायात जवानों की कमी की वजह से शहर की यातायात व्यवस्था नहीं सुधार पा रही है।

Author: Dainik Awantika