कल रामनवमी पर 10 साल बाद 24 घंटे रवि पुष्य योग

इंदौर। शास्त्रों के अनुसार देवी आराधना के नौ दिनों के दौरान की गई खरीदारी से समृद्धि और सुख बढ़ता है। नवरात्र में खासतौर से भूमि-भवन और वाहनों की खरीदी-बिक्री शुभ मानी जाती है। यही नहीं, इस साल तिथियों की घट-बढ़ नहीं होने से देवी आराधना के लिए पूरे नौ दिन मिले हैं। यह अपने आप में शुभ संयोग है।
ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि इस बार नवरात्रि के आखिरी दिन यानी रामनवमी पर रवि पुष्य योग बनेगा। इससे पहले ऐसा शुभ संयोग 1 अप्रैल 2012 को बना था। जब रवि पुष्य योग पर चैत्र नवरात्र खत्म हुए थे। 10 अप्रैल, रविवार को सूर्योदय के साथ पुष्य नक्षत्र शुरू होगा, जो अगले दिन सूर्योदय तक रहेगा। इस साल चार रवि पुष्य रहेंगे, लेकिन उनमें ये ही एक ऐसा है जो पूरे 24 घंटे रहेगा। ये खरीदारी का अबूझ मुहूर्त भी होगा। इसके बाद 6 अप्रैल 2025 को फिर ऐसा शुभ योग बनेगा।