दैनिक अवंतिका उज्जैन। पश्चिम बंगाल से मां के साथ आये 16 माह के मासूम की सांस नली में अंगूर फंसने पर कुछ घंटे चलते उपचार के बाद मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर माधवनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया।
माधवनगर थाना प्रधान आरक्षक सियाराम गुर्जर ने बताया कि कालिदास अकादमी में 29 जनवरी से 12 फरवरी तक राष्ट्रीय खादी उत्सव के चलते खादी ग्रामोद्योग उत्पादो की प्रदर्शनी लगाई है। पश्चिमी बंगाल से हफिजा पतिा सिनहज हुसैन अपने 16 माह के मासूम बाबू उर्फ अहत को लेकर प्रदर्शनी में दुकान लगाने आई हुई है। शुक्रवार शाम को उसके मासूम ने अंगूर का एक दाना गटक लिया था। जो उसकी सांस नली में जाकर फंस गया। मासूम को तकलीफ हुई तो मां कुछ लोगों की मदद से चरक भवन लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने मुश्किल से अंगूर तो निकाल लिया लेकिन मासूम को कार्डियेक अटैक आ गया। जिसके चलते मासूम की देर शाम मौत हो गई। अस्पताल की ओर से माधवनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव मां का सौंपा गया। प्रधान आरक्षक गुर्जर ने बताया कि मासूम अपनी मां के साथ आया था। परिवार के अन्य सदस्य नहीं थे। परिवार के अन्य सदस्यों को मासूम की मौत पर आपत्ति ना हो इसलिये पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई।