गर्मी तोड़ रही रिकॉर्ड : 10 साल बाद अप्रैल की शुरुआत इतनी गर्म, पारा 410, 15 तारीख तक 420 तक पहुंचेगा

ब्रह्मास्त्र इंदौर। इस बार की गर्मी के तेवर ठीक नहीं दिख रहे। अप्रैल के 8वें दिन ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर आ गया। पिछले 10 सालों की बात की जाए तो 2012 में ही ऐसा हुआ था, जब अधिकतम तापमान 3 और 10 अप्रैल को 40 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। इस बार 15 अप्रैल तक पारा 42 डिग्री को छू लेगा। इस स्तर पर पारा आया तो दिन में लू चलने की स्थिति बन जाएगी।
अधिकतम तापमान औसत से 5 डिग्री ज्यादा होने पर लू चलना माना जाता है। 42 डिग्री आने पर पारा औसत से 4 डिग्री अधिक रहेगा। 2 अप्रैल से दिन का तापमान थोड़ा-थोड़ा बढ़ रहा था। बीते दो दिन पारा 40 डिग्री रहा। शुक्रवार को इसमें 1 डिग्री का इजाफा हो गया। 1 डिग्री का इजाफा सुबह 10 बजे से ही महसूस होने लगा था। धूप तेज महसूस होने लगी। दोपहर में तो हवा का एहसास भी गर्म महसूस हो रहा था। तापमान में गिरावट के कोई आसार दूर तक नहीं हैं।

राजस्थान-गुजरात की गर्म हवाएं झुलसा रहीं

अरब सागर में कोई सिस्टम नहीं बन रहा है। पश्चिमी विक्षोभ भी नहीं आ रहे हैं। इस कारण राजस्थान और गुजरात तरफ से गर्म हवा आ रही है। वहां पर तापमान कम होगा, तो हमारे यहां भी गर्म हवा नहीं आएगी। इससे तापमान सामान्य रहता है। राजस्थान के 20 से ज्यादा जिलों में पारा 42 डिग्री या इससे ज्यादा है। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में अभी से लू चल रही है। मई के जितनी तपन अप्रैल में महसूस हो रही है।