टीआई की गाड़ी ने बाइकों को टक्कर मारी, 3 घायल

भोपाल। निशातपुरा इलाके में पुलिस के वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। आमने-सामने की भिड़ंत में तीन बाइक सवार घायल हुए हैं। इनमें एक बाइक सवार का पैर टूट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक पुलिस के वाहन के नीचे फंस गई, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। टक्कर मारने वाले वाहन पर थाना प्रभारी की प्लेट लगी है। यह सरकारी वाहन परवलिया थाने का बताया गया है। हादसा कैसे हुआ, निशातपुरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। निशातपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने बताया कि भानपुर के पास परवलिया जाने वाले रास्ते पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस वजह से एक ही लेन पर ट्रैफिक चलाया जा रहा है। शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात करीब 2 बजे यह हादसा हुआ। घटना के वक्त थाने का स्टाफ सरकारी वाहन से गश्त पर था। हादसे का वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक बाइक सड़क किनारे जा गिरी और दूसरी सरकारी वाहन के नीचे फंस गई। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

Author: Dainik Awantika