आतिशी ने सीएम पद से दिया इस्तीफा, एलजी ने भंग की विधानसभा, अमित शाह से मिले भाजपा अध्यक्ष

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

अधिकारियों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की हार के एक दिन बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘दिल्ली के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए वोट दिया है। हमने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करेंगे, दिल्ली को विकसित राजधानी बनाएंगे।

राजधानी दिल्ली में भाजपा का 26 साल का वनवास समाप्त हो चुका है। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा ने राजधानी में वापसी की है। बीते 10 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी का किला ढह गया। भाजपा को इस चुनाव में 70 सीटों में से 48 सीटों पर जीत मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत थी। अब दिल्ली की नजर मुख्यमंत्री के चेहरे पर है। दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की सातवीं विधानसभा को भंग कर दिया है। एलजी कार्यालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर चर्चा हो सकती है।

Author: Dainik Awantika