जूना सोमवारिया में बुजुर्ग पर चढ़ी बेकाबू गति से दौड़ती कार -बाइक सवार को मारी टक्कर, बेरिकेट्स तोड़ा और पेड़ से टकराकर हुई क्षतिग्रस्त

दैनिक अवंतिका उज्जैन।  बड़नगर मार्ग क्षिप्रा नदी के बड़े पुल से बेकाबू गति में दौड़ती कार ने रविवार को नहाकर धूप में बैठे बुजुर्ग को कुचल दिया। बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। कार चालक नशे की हालत में उसने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी थी, उसके बाद बेरिकेट्स तोड़ दिया था। हादसे के बाद लोगों ने चालक को पकड़ लिया।
मामला जूना सोमवारिया क्षेत्र के चक्रतीर्थ जाने वाले मार्ग का है। जहां रहने वाले पूरालाल पिता नृसिंह सिंदल 65 वर्ष नहाने के बाद धूप में घर के बाहर बैठे थे। तभी क्षिप्रा नदी के बड़े पुल से कार क्रमांक एमपी 13 झेड के 3016 बेकाबू गति से दौड़ती हुई आई। पहले बाइक सवार को टक्कर मारी। उसके बाद बेरिकेट्स को तोड़ते हुए पूरालाल पर चढ़ गई। चालक गति पर नियंत्रण नहीं कर पा रहा था। कार पेड़ से जाकर टकराई और रूक गई। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई की, वह नशे की हालत में होना बताया जा रहा था। इधर बुजुर्ग पूरालाल ने मौके पर दम तोड़ दिया था। परिवार खून से लथपथ पड़े पूरालाल को देख बिलख उठा। कार की गति से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। मृतक पूरालाल के पुत्र आॅटो चलाते है। वह पिता को चरक भवन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम कक्ष भेज दिया। मामले में जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लोगों ने चालक को पकड़ लिया था। जिसे हिरासत में लिया गया है। मृतक पूरालाल का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।

Author: Dainik Awantika