पीएम मोदी सातवीं बार फ्रांस पहुंचे, एआई समिट में शामिल होंगे

पेरिस/नई दिल्ली। पीएम मोदी फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री के सम्मान में फ्रांस सरकार ने 10 फरवरी को मशहूर एलिसी पैलेस में वीवीआईपी  डिनर का आयोजन किया। इसमें फ्रेंच प्रेसिडेंट मैक्रों समेत कुछ और देशों के नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी का यह दौरा 2 दिनों का है। वे यहां एआई समिट में शामिल होंगे और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके बाद वे 12 फरवरी को अमेरिका दौरे पर रवाना हो जाएंगे। पीएम मोदी का यह सातवां फ्रांस दौरा है। पीएम आखिरी बार 2023 में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस (बास्तिल डे) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। फ्रांस रवाना होने से पहले PM ने कहा-राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर मैं 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा पर रहूंगा। मैं पेरिस में एआई समिट की सह-अध्यक्षता करने के लिए उत्सुक हूं। फ्रांस से मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के निमंत्रण पर अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर जाऊंगा। मैं राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलने के लिए उत्सुक हूं।

Author: Dainik Awantika