ब्रेक फेल होने से बस पलटी, 10 साल के बच्चे का हाथ कटा, 28 घायल

 महाकुंभ से लौट रहे थे राजस्थान के श्रद्धालु, मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ हादसा 

बाली (पाली)। महाकुंभ प्रयागराज से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। इस हादसे में बस सवार 10 साल के बच्चे का दाहिना हाथ कट गया, जबकि 27 अन्य श्रद्धालु घायल हैं। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। हालत नाजुक होने पर 2 बच्चों को राजसमंद रेफर किया गया है। दुर्घटना पाली के देसूरी में मंगलवार रात करीब 12 बजे हुई। देसूरी की नाल, पंजाब मोड़ पर हादसे की सूचना मिलते ही चारभुजा (राजसमंद) थानाधिकारी प्रीति रतनू मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। एक दर्जन से ज्यादा घायलों को देसूरी (पाली) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को चारभुजा के हॉस्पिटल में पहुंचाया गया है।

गहरी नींद में थे सभी यात्री

थानाधिकारी प्रीति रतनू ने बताया- बस में सवार सभी 46 यात्री पैतृक गांव पाली के कोसेलाव गांव जा रहे थे। वर्तमान में सभी गुजरात के अहमदाबाद (गुजरात) में रहते हैं। यहां इनका कारोबार है। हादसे के समय सभी यात्री गहरी नींद में थे। बस के अचानक पलटने से किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। यह हादसा श्रद्धालुओं के गांव (कोसेलाव) से 40 किलोमीटर पहले हुआ। इस क्षेत्र में पहले भी कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। सभी यात्री प्रयागराज से लौटकर सांवलिया सेठ के दर्शन किए थे। इसके बाद गांव लौट रहे थे। बस में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं।

हादसे से पहले बस से आ रही थी आवास, ब्रेक नहीं लगा

बस यात्री आकाश बोराणा ने बताया- बस में लोग सो रहे थे। किसी को कुछ पता ही नहीं चला। ढलान से नीचे उतरते समय हादसा हुआ है। दो बच्चे ज्यादा घायल हुए हैं। ओम (10) पुत्र अमित कुमार का दाहिना हाथ कट गया है। घायलों को राजसमंद हॉस्पिटल ले जाया गया है। बस यात्री चंपालाल ने बताया- हम प्रयागराज के बाद सांवलिया सेठ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सादड़ी-राणकपुर का रास्ता संकरा था, इसलिए हमने ये रास्ता चुना। हमें लगता है कि ब्रेक फेल होने से ये हादसा हुआ है। गाड़ी आवाज कर रही थी। ड्राइवर ब्रेक मार रहा था, लेकिन ब्रेक नहीं लग रहा था। हम सब ड्राइवर से पूछ भी रहे थे क्या हुआ, हम घबरा गए थे।

Author: Dainik Awantika