रामनवमी : राम मंदिरों में भगवान की आरती, रणजीत हनुमान मंदिर में सजा सौम्य महल

ब्रह्मास्त्र इंदौर। देशभर में आज राम नवमी की धूम है। राम मंदिरों में जहां भगवान राम का भव्य श्रृंगार किया गया, वहीं दोपहर 12 बजे उनके जन्मोत्सव के साथ आरती की जा रही है। इंदौर के प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर में सौम्य महल सजाया गया है। जिसका काम देर रात तक चलता रहा। राम नवमी पर कनक भवन अयोध्या की तर्ज पर श्रीराम जी का श्रृंगार हुआ।

5 क्विंटल मोगरे व अन्य फूलों से महकेगा महल

रणजीत हनुमान मंदिर में सौम्य महल दर्शन हॉल और श्रीराम दरबार में तैयार किया गया। सौम्य महल में लगने वाले 5 क्विंटल मोगरे के फूल नांदेड़ से मंगाए गए है। इसके अलावा 100 किलो पीला गेंदा, 200 बंच कार्निशियन, 100 बंच गुलाब, 30 बंच सनफ्लावर के फूल और 1500 फीट लंबी रजनीगंधा की लड़ी से मंदिर में सौम्य महल महक रहा है।

राम दरबार के बाहर बनेगा झरना

मंदिर परिसर के अंदर ही बने श्रीराम दरबार के बाहर झरना बनाया गया है। इसके साथ ही 11 झरोखे तैयार किए है। मंदिर के पुजारी पंडित दीपेश व्यास ने बताया कि राम नवमी पर भगवान श्रीराम का कनक भवन आयोध्या की तर्ज पर सुबह 8 बजे से श्रृंगार किया गया। श्री विग्रह को कलात्मक वस्त्र और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहनाएंगे। भगवान को साफा बांधा गया। उनका दावा है कि यह मप्र के राम मंदिरों में होने वाले आयोजनों में सबसे बड़ा आयोजन है।
उन्होंने बताया मंदिर में राम नवमी के दिन सुबह 6 बजे 7 दिवसीय अखंड रामायण की स्थापना हुई। 7 बजे से रामजी का अभिषेक होगा। 8 बजे बजे से रामजी का श्रृंगार शुरू होगा। इसमें करीब 2 से 3 घंटे लगेंगे। 12 बजे श्रीराम दरबार के पट खोले जाएंगे और आरती की जाएगी। 12.30 बजे तक भगवान की आरती होगी।

You may have missed