दैनिक अवंतिका उज्जैन।
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार की सुबह उज्जैन में शिप्रा के किनारे प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव की पूजा की। अंगारेश्वर महादेव के शासकीय पुजारी पंडित मनीष उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का पूजन संपन्न कराया।
वे धर्मपत्नी के साथ सुबह जल्दी मंदिर पहुंचे और भगवान श्री अंगारेश्वर महादेव का पंचामृत सहित अनेक प्रकार की सामग्री से पूजन-अर्चन संपन्न किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयाग महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ में हुए हादसे को लेकर मीडिया से चर्चा में कहा कि ये हमारे लिए सबक है। हमें भी सावधानी बरतने की जरूरत है। साथ ही कहा कि रेल हो, बस हो इन साधनों का उपयोग करते हुए कहीं भी जाना हो, लेकिन अपने आप को सुरक्षित रखना चाहिए। हादासा बहुत दुखद है। घटना को लेकर सरकार मुस्तैद है।
मुख्यमंत्री ने बताया अंगारेश्वर का
महत्व, मंगल ग्रह ऐसे धरती पुत्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन के प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर का महत्व बताते हुए कहा कि यह भगवान महाकाल की नगरी तो है, भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली भी है, लेकिन एक और खगोलीय घटना का भी बड़ा केंद्र उज्जैन है। अतीत के काल में जब सौरमंडल के सभी ग्रहों की रचना हो रही थी, उस समय एक खगोलीय घटना में पृथ्वी से उल्का पिंड टूटकर मंगल ग्रह बना था। इसलिए मंगल को पृथ्वी पुत्र कहते है। उन्होंने बताया कि धार्मिक आस्थाओं और शास्त्रों के अनुसार पृथ्वी से अलग होने वाली इस घटना का स्थान उज्जैन ही माना जाता है। यहीं कारण है कि यह स्थान सभी मांगलिक कार्यों और खगोल में विश्वास रखने वाले लोगों की आस्था का केंद्र है।
मुख्यमंत्री सुबह 10.30 बजे
हेलिकॉप्टर से भोपाल रवाना