आज से शिव नवरात्रि, महाकाल को हल्दी-उबटन लगाकर बनाएंगे दूल्हा – कोटितीर्थ कुंड स्थित भगवान श्री कोटेश्‍वर महादेव का होगा सर्व प्रथम पूजन

 
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
महाकाल मन्दिर में सोमवार से शिव नवरात्रि का पर्व शुरू होगा। भगवान महाकाल को पंडे-पुजारी हल्दी व उबटन लगाकर दूल्हा बनाएंगे। मंदिर के कोटितीर्थ कुंड पर स्थित श्री कोटेश्वर महादेव भगवान का सर्व प्रथम सुबह 8 से 9 बजे तक पूजन होगा।
इसके बाद भगवान महाकाल का गर्भगृह में अभिषेक प्रारम्भ होगा जो 11 ब्राह्मणों द्वारा किया जाएगा। इस दौरान एकादश एकादशनी पाठ से रुद्राभिषेक संपन्न होगा। सुबह के 10:30 बजे होने वाली भोग आरती दोपहर में करीब 1 बजे की जाएगी व शाम 5 बजे होने वाला संध्या पूजन दोपहर में 3 बजे किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान महाकाल को नए वस्त्र और चांदी के आभूषण धारण कराए जाएंगे। पूजन-आरती व श्रृंगार का यह क्रम 25 फरवरी तक प्रतिदिन चलेगा। 
26 फरवरी को मनेगी महाशिवरात्रि
रातभर महापूजा, दूसरे दिन सेहरा
शिव नवरात्रि का पर्व 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चलेगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस दिन रात भर गर्भगृह में महापूजा चलेगी। अगले दिन यानी 27 फरवरी की सुबह सेहरे के दर्शन होंगे। दोपहर में 12 बजे महाकाल की भस्मारती की जाएगी। 

Author: Dainik Awantika