सिंहस्थ की व्यवस्था में कोई कमी नहीं होगी बजट भी पर्याप्त रहेगा- उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा केंद्रीय बजट की सराहना की-उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने प्रदेश के आगामी बजट को लेकर कहा मध्य प्रदेश का बजट आत्मनिर्भर होगा

दैनिक अवंतिका उज्जैन।  मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा रविवार दोपहर उज्जैन पहुंचे और उन्होंने केंद्रीय बजट को लेकर एक प्रेस वार्ता ली। जिसमें उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश निरंतर प्रगति कर रहा है जो संकल्प उन्होंने दिए हैं उस संकल्प को पूरा करने का काम निश्चित रूप से किया जा रहा है।  उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने आगे कहा कि मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी को धन्यवाद देने के लिए आप सबके बीच आया हूं। उन्होंने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि बजट में गरीब, युवा, किसान, महिला सहीत सभी का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने आयकर छूट की सीमा को 7 लाख से बढ़ाकर 12 लाख रुपए किए जाने के निर्णय की भी विशेष रूप से तारीफ की। इसके अलावा कृषि व शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधानों को भी सराहनीय  बताया।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आगामी  सिंहस्थ महापर्व के आयोजन में पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएगी तथा सिंहस्थ के लिए बजट भी पर्याप्त रहेगा। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने प्रदेश के आगामी बजट को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का बजट आत्मनिर्भर के साथ ही  प्रदेश के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए जाएंगे। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल,निगम अध्यक्ष कलावती यादव,नगर जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़,महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल,विशाल राजोरिया,उमेश सेंगर, मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना,दिनेश जाटवा, राकेश पांड्या आदि उपस्थित थे।

Author: Dainik Awantika