भोपाल। टाइगर, चीता और तेंदुआ स्टेट वाले मध्यप्रदेश में 17 फरवरी से गिद्धों की गिनती शुरू होगी, जो 3 दिन तक चलेगी। प्रदेश में गिद्धों का कुनबा लगातार बढ़ा है। इसके चलते ही पिछली 2 गणना में गिद्धों की संख्या प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वन विभाग के अनुसार, गिद्धों की संख्या एमपी में 10 हजार पार है। पन्ना टाइगर रिजर्व में सबसे ज्यादा गिद्ध हैं, जबकि भोपाल में सफेद पीठ वाले गिद्ध पाए जाते हैं।
अबकी बार गिद्धों की गिनती साल में दो बार होगी। शीतकालीन गिद्ध गणना 17, 18 और 19 फरवरी को होगी, जबकि ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना 29 अप्रैल को की जाएगी। अगले 3 दिन तक गिद्धों की गिनती सुबह 7 से 8 बजे तक होगी। ऐसे स्थान, जहां पर ऊंची क्लिप्स (चट्टान) है, उन स्थानों पर अधिकतम 9 बजे तक गिनती होगी। केवल बैठे हुए गिद्धों की ही गिनती की जाएगी। प्रदेश में गिद्धों की संख्या और उनकी स्थिति का आंकलन करने के लिए गिद्ध गणना 2024-25 हो रही है। यह दो चरण में होगी। इस सर्वेक्षण के लिए वन विभाग के सभी सर्कल और डिवीजन स्तर पर मास्टर ट्रेनर और प्रशिक्षकों ने 27, 29 और 31 जनवरी को ट्रेनिंग दी थी। गिनती में 900 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी, गिद्ध विशेषज्ञ और पक्षी प्रेमी हिस्सा लेंगे।