भोपाल। भोपाल में 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक मध्यप्रदेश पुलिस की मेजबानी में आयोजित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल में बड़े तालाब के बोट क्लब पर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। सीएम यादव ने इस मौके पर कहा कि, पुलिस अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के कार्य के साथ-साथ खेलों में भी अपनी छाप छोड़ रही है। पुलिस बल के अनेक सदस्यों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित करते हुए देश का नाम रोशन किया है। जब पुलिस बल एक बार जब ज्वाइन करते हैं तब से रिटायरमेंट तक जवान ही कहलाते है। सीएम ने कहा कि, वन्यजीवों के लिए मध्यप्रदेश की देश में एक अलग पहचान है। पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा बाघ हमारे देश में पाए जाते हैं और देश के अंदर मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या सबसे अधिक है। इसके अलावा, अब हमारे यहां चीते भी आ गए हैं और घड़ियालों की संख्या भी सबसे ज्यादा है।