वॉशिंगटन। अमेरिका के 6 राज्य केन्टकी, जॉर्जिया, वर्जीनिया, पश्चिम वर्जीनिया, टेनेसी और इंडियाना बाढ़ से जूझ रहे हैं। सबसे ज्यादा नुकसान केन्टकी राज्य में हुआ है जहां बीते 6 दिन में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि पश्चिमी वर्जीनिया और जॉर्जिया में एक-एक मौत हुई। अमेरिका के पूर्वी राज्यों में करीब 9 करोड़ लोग पोलर वोर्टेक्स की वजह से भीषण ठंड का सामना कर रहे हैं। यहां तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर गया है, स्कूल बंद हो गए हैं, पाइप फट गए हैं। 14 हजार से ज्यादा घरों की बिजली ठप हो गई है और 17 हजार जगहों पर पानी की सप्लाई रुक गई। नेशनल वेदर सर्विस के मौसम विज्ञानी एंड्रयू ओरिसन ने बताया कि मध्य अमेरिका में इस समय सबसे कम तापमान है। मध्य-पश्चिम के कुछ इलाकों में तो तापमान माइनस 50 से माइनस 60 डिग्री तक पहुंच गया है। पश्चिमी वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने बताया कि लगातार बढ़ते जलस्तर की वजह से कई लोग लापता हो गए हैं। केन्टकी और उसके आसपास के इलाके में रेस्क्यू टीम ने 1000 बचाव अभियान चलाए हैं।