माता दर्शन के लिए पति के साथ बाइक पर निकली महिला की मौत

ब्रह्मास्त्र इंदौर। माता दर्शन करने पति और चार साल की बेटी के साथ निकली महिला की हादसे में मौत हो गई। बाइक पर जा रहे परिवार को ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी थी। तीनों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया था। यहां रात में महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक गौरी नगर में रहने वाली ममता (34) अपने पति सुदर्शन सिंह और चार साल की बेटी वैष्णवी के साथ देवास माता दर्शन के लिए निकली थी। डकाच्या के पास सुदर्शन की बाइक को पीछे से एक ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। जिसमें ममता के सिर में गंभीर चोट आई। सभी को उपचार के लिए एमवाय भेजा गया। यहां रात में ममता ने दम तोड़ दिया।
चार साल की बेटी और पिता सड़क किनारे गिरे
पुलिस के मुताबिक सुदर्शन रेडीमेड काम्पलेक्स में काम करता है। ट्राले ने जब बाइक को टक्कर मारी तो बेटी वैष्णवी के साथ सुदर्शन सड़क के किनारे जा गिरे। जबकि ममता सड़क पर गिरी। जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। डॉक्टरों के मुताबिक रात में ममता की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। जिसके कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्राले को जब्त किया है।

ट्रेन की टक्कर से रूचि सोया के कर्मचारी की मौत

इंदौर। लसूडिया इलाके में ट्रेन से कट कर एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह मूल रूप से दमोह का रहने वाला था और यहां रूचि सोया फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस के मुताबिक पंचवटी कॉलोनी के यहां रेलवे लाइन पर व्यक्ति का शव मिला था। उसके पास एक मोबाइल भी मिला था। जो स्विच ऑफ था। पुलिस ने उसे चार्ज करने के बाद मोबाइल में मिले नंबरों पर बात की तो मृतक की पहचान दुर्गेश निवासी दमोह के रूप में हुई। बात करने वाली महिला ने बताया कि मृतक उसका भाई है। जो दो माह पहले ही इंदौर काम के सिलसिले में आया था। उसकी पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। सूचना के बाद दमोह से परिवार इंदौर के लिए रवाना हुआ है।