सीधी। सीधी में जादू-टोने के शक में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। इससे पहले आरोपियों ने महिला के लकवाग्रस्त पति को पीटा। बचाने पहुंचे बेटे और पोते को भी पीटा। दोनों की हालत गंभीर है। घटना कुसमी के ग्राम पिपरहा की है। बुधवार रात करीब 8 बजे ग्राम मेडरा से आए पुष्पराज, दिलीप, संतोष, अजय सिंह और इंद्रभान सिंह, महिला चिराऊंजिया सिंह (80) के घर में घुस गए। चिराऊंजिया के पति श्रीमान सिंह को देखकर हमला कर दिया। आरोपी बुजुर्ग महिला को घर से एक किलोमीटर दूर पिपरहा मोहल्ले में ले गए। यहां उसे इतना पीटा कि उसने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर चिराऊंजिया का बेटा उदयभान सिंह और पोता पृथ्वीराज सिंह मौके पर पहुंचे तो उनसे भी मारपीट की। आरोपी महिला के देवर के बेटे हैं। मृतक महिला की छोटी बहू आराधना सिंह ने बताया, पांच लोगों ने मिलकर ससुरालवालों पर हमला किया। आरोपी मेडरा से आए थे। कुसमी थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।