दैनिक अवंतिका उज्जैन।
महाशिवरात्रि पर इस बार श्रद्धालुओं को महाकाल के दर्शन करने के लिए करीब ढाई किलो मीटर पैदल चलना होगा। प्रशासन 26 फरवरी को दर्शन की तैयारी में जुटा हुआ है। अभी जो मार्ग तय किया गया है वह लगभग इतना ही हो रहा है। महाशिवरात्रि पर महाकाल के दरबार में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए उज्जैन में उमड़ेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए ही इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा में भी 200 अतिरिक्त गार्ड तैनात किए जाएंगे।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर दर्शन आदि के लिए गुरुवार को सभी नए व पुराने अधिकारियों के साथ बैठक की व आवश्यक निर्देश दिए।मंदिर में हाल ही में शासन-प्रशासन ने प्रशासक की सहायता के लिए दो डिप्टी कलेक्टर सहित 9 अधिकारियों को मंदिर में भेजा है। प्रशासक कौशिक ने बताया कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को भील समाज की धर्मशाला के पास से प्रवेश मिलेगा। इस दौरान भक्तों को करीब 2.5 किमी तक पैदल चलना पड़ेगा। सुविधा के लिए प्रशासन इस मार्ग में पीने का पर्याप्त पानी ,वाशरूम आदि के साथ ही भजन मंडली की व्यवस्था भी कर रहा है।
शिव नवरात्रि से ही मंदिर में बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
महाकाल मंदिर में अभी शिव नवरात्रि का पर्व चल रहा है। यह नौ दिनों तक चलेगा। महाशिवरात्रि से पहले मनाए जाने वाले इस पर्व के दौरान ही मंदिर में आम दिनों की अपेक्षा श्रद्धालु अधिक संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को भी लग रहा है कि जब अभी से अधिक भीड़ होने लगी तो पर्व के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए ही सुरक्षा व दर्शन को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही है। इसमें मंदिर समिति पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य कर रही है।
महाशिवरात्रि पर 25 से 27 फरवरी तक उमड़ेंगे श्रद्धालु
महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर ही सबसे अधिक लोग दर्शन के लिए उमड़ते हैं। इस बार महाशिवरात्रि का पर्व 26 फरवरी को आ रहा है। इसके एक दिन पहले यानी 25 फरवरी से ही मंदिर में भीड़ उमड़ना शुरू हो जाएगी। इसके एक दिन बाद यानी 27 फरवरी तक श्रद्धालुओं को यहां तांता लगा रहेगा। क्योंकि महाशिवरात्रि के अगले दिन 27 को सुबह सेहरे के दर्शन होंगे तो दोपहर में भस्मारती की जाएगी। वर्ष में केवल एक बार ही यह मौका आता है जब भगवान महाकाल की भस्मारती सुबह 4 बजे की जगह दिन में 12 बजे होती है।