महाकुंभ में देर रात आग लगने से महिला झुलसी, गद्दे और समान जलकर खाक

प्रयागराज। महाकुंभ के सेक्टर-19 में गुरु गोरखनाथ अखाड़े के सामने बने श्रद्धालुओं के शिविर में गुरुवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। हादसे में एक महिला झुलस गई। बताया जा रहा है कि उस वक्त पंडाल में करीब 10 लोग रुके थे। आग में पंडाल, गद्दे, समान, मोबाइल और कुछ पैसे जल गए हैं। महाकुंभ का शुक्रवार को  40वां दिन है। मेला खत्म होने के 5 दिन और बचे हैं। अब तक करीब 58 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। संगम आने वाले सभी रास्तों पर 8 से 10 किमी तक श्रद्धालुओं की भीड़ है। शहर के बाहर की पार्किंग में ही वाहनों को रोका जा रहा है। वहां से शटल बसों की सुविधा है। हालांकि, बस न मिले तो संगम पहुंचने के लिए करीब 10 किमी पैदल चलना पड़ रहा है।  गुरुवार को 1 करोड़ 25 लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। प्रशासन का अनुमान है कि शुक्रवार से महाकुंभ में भीड़ बढ़ेगी, क्योंकि यह महाकुंभ का आखिरी वीकेंड है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ मेला खत्म हो जाएगा। भीड़ के चलते प्रयागराज में स्कूलों में 8वीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन लगेंगी। इस संबंध में 20 फरवरी को आदेश जारी किया गया है। प्रयागराज आने-जाने वाली 8 ट्रेनें 28 फरवरी तक रद्द कर दी गई हैं। 4 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।

Author: Dainik Awantika