नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के एक दिन बाद रेखा गुप्ता ने पूर्व सीएम आतिशी और उनके मंत्रियों के पर्सनल स्टाफ को हटा दिया है। इसके अलावा आतिशी सरकार ने जिन अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्त किया था उन्हें फौरन अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार दोपहर सचिवालय पहुंची और मंत्रियों-अफसरों के साथ मीटिंग की। इसमें दिल्ली जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को खास तौर पर बुलाया गया था। मीटिंग में खराब सड़कों, पानी और मुहल्ला क्लिनिक को मॉडिफाई करने पर चर्चा हुई। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलीं। शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने पहली कैबिनेट मीटिंग में दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू करने पर मुहर लगाई। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी से विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा, जो 27 फरवरी तक चलेगा। इसमें स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पर फैसला हो सकता है। नए विधायक भी इसी दिन शपथ लेंगे।