तेंदुए ने घर में घुसकर बोला हमला, 9 लोग घायल, दो वनकर्मियों को भी बनाया शिकार

छतरपुर। छतरपुर के किशनगढ़ क्षेत्र के खरयानी गांव में एक तेंदुए ने दहशत फैला दी है। शनिवार सुबह 5 बजे एक आदिवासी परिवार के घर में घुसे तेंदुए ने 11 लोगों को घायल कर दिया। घटना में शुकलाल आदिवासी के परिवार के 9 सदस्य घायल हुए हैं। घायलों में धनीराम (26), दीना (21), गेंदा बाई (65), रमेश (30), गुलाबरानी (40), मुलुआ (45), रमेश (35) और मन्नू आदिवासी (40) शामिल हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वन रक्षक अखिलेश मिश्रा (40) और उनके एक साथी को भी तेंदुए ने घायल कर दिया। छह घायलों को किशनगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शुकलाल के अनुसार, परिवार के सदस्य घर में आग ताप रहे थे, तभी तेंदुआ अचानक घर में घुस गया। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में नौ लोग घायल हो गए। डॉक्टर आनंद त्रिपाठी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर है। यह घटना पन्ना कोर एरिया किशनगढ़ की है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने में जुटी है। आतंक के कारण ग्रामीण अभी भी अपने घरों में दुबके हुए हैं।

Author: Dainik Awantika