जबलपुर। जबलपुर में एक महिला ने अपने बायफ्रेंड के साथ मिलकर ससुराल वालों को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। इतना ही नहीं नकली सोना घर पर रखकर असली सोने के जेवरात गायब कर दिए। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने मदन महल थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 20 फरवरी को हुई एफआईआर के बाद से ही लगातार पुलिस दोनों को तलाश कर रही थी। इस दौरान पता चला कि महिला का बायफ्रेंड नरसिंहपुर में छिपकर बैठा है। उसे पकड़ने पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने अपने आपको बीमार बताया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। इधर, महिला की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। महिला ने अपनी नौकरी के लिए पति पर दबाव बनाकर 38 लाख रुपए बायफ्रेंड के खाते में ट्रांसफर भी करवाए है। यही नहीं घर में रखे 20 तोला से अधिक सोने के जेवरात को भी गायब कर दिए
सिवनी जिले के धूमा में रहने वाले रूद्र प्रताप मिश्रा राजस्व निरीक्षक के पद पर थे। 2021 में उनके इकलौते बेटे आदित्य मिश्रा का विवाह नरसिंहपुर निवासी पूजा दुबे से हुआ था। शादी के कुछ माह तक सबकुछ ठीक था। इस बीच पूजा के बाॅयफ्रेंड आकाश नेमा का आना-जाना शुरू हो गया। पूजा उसे अपना मुंहबोला भाई बताती थी।पूजा ने पति और ससुर पर दबाव बनाया कि आकाश की अधिकारियों से अच्छी पहचान है। वह उसकी शिक्षा विभाग में नौकरी लगवा देगा। इतना ही नहीं पति आदित्य की भी पटवारी में नौकरी लगवाने की बात की। इसके लिए ससुर रुद्र प्रताप ने जब पैसे देने से मना किया तो पूजा ने पति को मना लिया।