इंदौर में महाराष्ट्र से फलों की बंपर आवक, तरबूज 6 और खरबूज 20 रुपए किलो बिक रहे

इंदौर। इंदौर की देवी अहिल्याबाई फल एवं सब्जी मंडी में गर्मी के मौसम से पहले ही फलों की भरपूर आवक शुरू हो गई है। मंडी में रोजाना तरबूज की 80 से 100 टन, खरबूज की 15 से 20 टन और अनार की 4 से 5 टन आवक हो रही है। तरबूज की आवक महाराष्ट्र के धुलिया, सिरपुर, मालेगांव, जलगांव, औरंगाबाद और शिर्डी से हो रही है। फल व्यापारी मुनव्वर शेख के अनुसार बड़ी मात्रा में आवक के कारण तरबूज 6 से 12 रुपए प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है। खरबूज भी इन्हीं क्षेत्रों से आ रहा है। मंडी में इसकी कीमत 20 से 30 रुपए प्रति किलो है। अनार की आवक इस बार महाराष्ट्र के बजाय राजस्थान के जीवानी मंडी और गुजरात के कच्छ से हो रही है। अनार 80 से 120 रुपए प्रति किलो के दाम पर बिक रहा है। गर्मी के मौसम में ये फल विशेष महत्व रखते हैं। तरबूज और खरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो गर्मी में शरीर की पानी की कमी को पूरा करते हैं। आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ इन फलों की आवक और बढ़ने की संभावना है, जिससे कीमतों में और गिरावट आ सकती है।

Author: Dainik Awantika