खजुराहो। खजुराहो स्थित बागेश्वर धाम में 251 जोड़ों का सामूहिक विवाह महोत्सव हो रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नवदंपती को आशीर्वाद देने पहुंचेंगी। तय शेड्यूल के मुताबिक राष्ट्रपति विशेष विमान से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वे बालाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद विवाह समारोह में शामिल होंगी। धाम में वे करीब चार घंटे रुकेंगी। यहां से दोपहर 3:10 बजे वडोदरा के लिए रवाना हो जाएंगी।
एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री उनकी अगवानी करेंगे। इसके अलावा, समारोह में गायक सोनू निगम, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह और अभिनेता पुनीत वशिष्ठ भी मौजूद रहेंगे। पहलवान द ग्रेट खली पहले ही बागेश्वर धाम पहुंच गए हैं। आयोजन में जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज, मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्र दास महाराज, गोरीलाल कुंज वाले स्वामी किशोरदाज महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, पुण्डरीक गोस्वामी, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, चिदानंद स्वामी महाराज, पूज्य बालक योगेश्वरदास महाराज, अयोध्या के राम दिनेश आचार्य महाराज, अभिरामाचार्य महाराज, अभयदास महाराज, हरिद्वार से रामदास महाराज, चिन्मयानंद बापूजी महाराज, गंगादास महाराज, गोपालमणि महाराज, संजय सलिल महाराज समेत अनेक संत वर-वधू को आशीर्वाद देंगे।