ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट : उज्जैन में 4.77 लाख करोड़ के प्रस्ताव आए

भोपाल। भोपाल में दो दिन तक चली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सबसे ज्यादा 5.82 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव भोपाल संभाग को मिले हैं। निवेश के मामले में इंडस्ट्रियलिस्ट की पहली पसंद रहने वाला इंदौर इस बार उज्जैन से भी पिछड़ता दिख रहा है। उज्जैन में 4.77 लाख करोड़ के प्रस्ताव आए हैं, जबकि इंदौर में 4.76 लाख करोड़ के प्रस्ताव हैं। नर्मदापुरम में 2.93 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। दो दिन की समिट में कुल 30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी है। इनमें पिछले साल हुई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और इंटरेक्टिव सेशन के 4.16 लाख करोड़ के प्रस्ताव भी शामिल हैं। ये प्रस्ताव जमीन पर उतरे तो इसमें कुल 21 लाख 40 हजार नौकरियां मिलने की संभावना जताई गई है। भोपाल को इन्वेस्टर्स समिट की मेजबानी करने का फायदा मिला है। यहां कुल 21 प्रस्ताव मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा पर्यटन के क्षेत्र में 4 प्रपोजल हैं। नए अस्पताल और कॉलेज खोलने में भी यहां इन्वेस्टर्स ने दिलचस्पी दिखाई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इससे पहले जीआईएस के आयोजन की तैयारियों के चलते इंदौर ने अच्छी प्रगति की है। अब भोपाल के लिए भी अलग से बजट रखकर इसे बेहतर बनाएंगे। भोपाल संभाग में कुल 5.82 लाख करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं।

Author: Dainik Awantika