शेयर बाजार में थम नहीं रहा गिरावट का सिलसिला, सेंसेक्स 900 अंक टूटा, निफ्टी 22300 से नीचे

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 790.87 अंक गिरकर 73,821.56 पर और निफ्टी 231.15 अंक गिरकर 22,313.90 पर करोबार करता दिखा। देखते ही देखते सेंसेक्स में 900 अंकों से अधिक की गिरावट दिखी। सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर सेंसेक्स 940.77 (1.26%) अंक गिरकर 73,703.80 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी 272.96 (1.21%) अंक टूटकर 22,272.10 पर कारोबार करता दिखा।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से जुड़े संदेह के कारण वॉल स्ट्रीट सूचकांक में भारी गिरावट के बाद एशियाई बाजार में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दिखी। जापान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के शेयर बाजारों में 2% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा मैक्सिको और कनाडा से आयात पर 25% टैरिफ लगाने तथा चीनी उत्पादों पर टैरिफ को दोगुना कर 20% करने के निर्णय से भी निवेशक असमंजस में हैं। टोक्यो का निक्केई 225 सूचकांक 3.4% गिरकर 36,939.89 पर आ गया। यह गिरावट प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट के कारण आई।

Author: Dainik Awantika