दैनिक अवंतिका उज्जैन।
विक्रमोत्सव के तहत 13 मार्च को उज्जैन के फ्रीगंज स्थित टावर चौक पर फिल्म अभिनेता अन्नू कपूर अंताक्षरी कराएंगे। खास बात यह है कि इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी फिल्मी गाने के साथ ही संस्कृत के श्लोक और कविता पाठ व अन्य भाषाओं के गाने भी सुना सकेंगे।
यह जानकारी खुद अन्न कपूर ने उज्जैन आकर शनिवार को पत्रकारों से मिलकर दी। कपूर ने बताया कि इस अंताक्षरी में भाग लेने के लिए 11 और 12 फरवरी को शहर में 800 लोगों का ऑडिशन होगा। इसमें सिलेक्ट होकर आखिरी राउंड तक पहुंचने वाले 24 लोगों की 6 टीम बनाई जाएगी जो 13 मार्च को फाइनल राउंड में खेलेंगी। इस अवसर पर महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी भी मौजूद थे।
पहले गानों से जुड़े सवाल होंगे फिर फुटेज दिखाएंगे
अभिनेता अन्नू कपूर ने कहा कि अंताक्षरी में सहभागिता करने के लिए वेबसाइट भी बनाई गई है। जिस पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमें भी दो दिन में अलग-अलग स्लॉट के हिसाब से अपना ऑडिशन के समय को सेलेक्ट कर सकते है। ये पूरी तरह नि:शुल्क है। सबसे पहले 800 लोगों के ऑडिशन में दो दिन में 60 से 70 लोगो को चुना जाएगा। इसके बाद अंतिम 24 का चयन होगा। फाइनल राउंड में सबसे पहले गानों से जुड़े सवाल होंगे, इसके बाद फुटेज दिखाया जाएगा जिसमे बर्जर राउंड होगा।