दैनिक अवंतिका उज्जैन। इन दिनों नीलगायों का आतंक बढ़ गया है। वह किसानों की खेत में लहलहाती फसल को बर्बाद कर रही है। नीलगायों के झुंड के झुंड किसानों के खेतों में पहुंचकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह स्थिति पिछले कई वर्षों से है। उज्जैन जिले के कई ऐसे गांव है जहां पर किसानों की खेत में खड़ी गेहूं, चने की फसल को नीलगायों ने नुकसान पहुंचाया है। उज्जैन जिले सहित अन्य जगह पर भी नीलगायों का जबरदस्त आतंक है तथा उनकी शिकायत लेकर किसान अधिकारियों के पास भी पहुंच रहे हैं। लेकिन किसानों की यह समस्या अभी तक दूर नहीं हुई है। किसान रामेश्वर आंजना का कहना है कि उनकी फसलें नीलगायों का निवाला बन जाती है। खाने से ज्यादा उनके पैरों से फसल की बर्बादी हो रही है।यह समस्या किसी एक गांव के किसानों की नहीं है। बल्कि हर जगह एक समान स्थिति है। उज्जैन के आसपास के गांव मंगरोला, जवासिया, रत्ना खेड़ी, बामोरा, चंदूखेड़ी, आकासौदा,खेमासा, नलवा, इंगोरिया आदि गांव में गेहूं व चने की फसल को नीलगायों ने नुकसान पहुंचाया है। इन गांवों के किसान नीलगायों के आतंक से बड़े परेशान हैं। कुछ किसानों का कहना है कि
अगर फसल को बचाना है तो किसानों का अपने खेत में जाल लगाकर या रतजगा कर फसल को बचाने की मजबूरी हो गई है। तभी फसल बच पाएगी अन्यथा किसानों के घर तक फसल पहुंच पाना मुश्किल काम हो गया है। वन्य प्राणी होने की वजह से नीलगायों को कोई मार भी नहीं सकता है ऐसे में आखिर करें तो क्या करें।
मंगरोला में किसान की गेहूं की फसल किस तरह नीलगायों ने खराब की है फोटो में साफ दिख रहा है…
2 दिन पहले मंगरोला में तीन-चार खेतों में नीलगायों का झुंड घुस गया था। इस वजह से यहां खेत में खड़ी गेहूं की फसल खराब हो गई। दैनिक अवंतिका के संवाददाता ने जब मंगरोला में किसानों के खेतों का जायजा लिया तो एक किसान की गेहूं की फसल नीलगायों के पैरों तले दबने से खराब हो गई। नीलगायों द्वारा पैरों से गेहूं की फसल को किस तरह नुकसान पहुंचाया है उसके फोटो भी प्रकाशित किए गए हैं। तथा फोटो में साफ दिख रहा है कि किस तरह नीलगायों ने किसान की फसल खराब की है।
किसानों को समस्या से नहीं मिल रही निजात….
नीलगायों के कारण किसान लंबे समय से परेशान है। वन विभाग एवं शासन द्वारा अब तक इस समस्या के निदान के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। नीलगायों को पकड़ने के लिए योजनाओं पर चर्चाएं भी नहीं हुई है यही वजह है कि आज भी खेतों में नीलगायों के झुंड दौड़कर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रही हैं।
सड़कों पर हादसों का कारण भी बन रही
अभी तक नीलगायों की वजह से कई सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। नीलगाय खेतों एवं सड़क के किनारे से दौड़ते हुए सड़क पर आ जाने से कई बार हादसे हो चुके हैं जिसके कारण सड़कों से गुजरने वाले रहागीर भी परेशान हैं।