ब्रह्मास्त्र भोपाल
मध्यप्रदेश सरकार 12 मार्च को वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश करेगी। इसमें 1 लाख नई नौकरियों का ऐलान हो सकता है। इसके अलावा सरकार गरीबों के लिए 6 लाख से अधिक मकान और किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक प्रोन्नति योजना का भी ऐलान कर सकती है।
मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक, इस बार बजट 4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है। इसमें महिला, किसान, युवा और गरीब पर ज्यादा फोकस रहेगा। किसानों के लिए शुरू की जा रही प्रोन्नति योजना में धान पर 4 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर प्रोत्साहन राशि तो दूध उत्पादक किसानों को 5 रुपए प्रति लीटर बोनस देने का प्रावधान किया जा सकता है। इसके अलावा नए वित्तीय वर्ष के लिए कर्मचारियों को 14 फीसदी महंगाई भत्ता देने के हिसाब से राशि का प्रावधान किया जा सकता है। इंडस्ट्रीज के लिए कई अहम ऐलान हो सकते हैं।