उज्जैन। होली की शाम संजय नगर में चाकू घोंपकर युवक की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक विवाद बाइक टकराने पर होना बताया गया है लेकिन पुलिस को आपसी रंजिश में चाकूबाजी होने की आशंका है। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है पूछताछ जारी है।
नीलगंगा थाना क्षेत्र के संजय नगर में शुक्रवार शाम 3 से 4 बाइक पर कुछ युवक गुजर रहे थे। उस दौरान वहां रहने वाले सांडिया परिवार के युवकों से उनका विवाद हो गया। दोनों पक्ष के युवक आमने सामने हो गए और एक दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया गया। बाइक सवार विवेकानंद कॉलोनी के रहने वाले रोहित पिता शंभू लाल डोडियार के सीने में चाकू घोंपकर दिया गया चाकू उसके दिल पर जाकर लगा जिसके चलते वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल पहुंचाया जाता लेकिन रास्ते में मौत हो गई। रोहित का साथी शिव पिता प्रभुलाल कटाला भी चाकू लगने पर घायल हो गया था। दूसरे पक्ष से रोहित सांडिया घायल हुआ है। वही कुछ युवको को भी चोट लगी थी। चाकूबाजी में एक युवक की हत्या होने की खबर मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्ष के घायल युवकों के बयान दर्ज कर घटना की जानकारी जुटाना का प्रयास किया जा रहा है। आज सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। आशंका है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी।
बस स्टैंड पर भी हुई चाकूबाजी
गुरुवार-शुक्रवार रात 3:30 बजे देवासगेट बस स्टैंड पर भी दो पक्ष के युवकों में विवाद होने पर चाकूबाजी हो गई। देवास गेट थाना पुलिस ने बताया कि खाराकुआं थाना क्षेत्र के रामद्वारा से कुछ युवक रात में बस स्टैंड चाय की दुकान पर आए थे। जहां गाड़ी निकालने की बात पर विवाद हो गया। रामद्वारा के रहने वाले कन्हैया उर्फ प्रिंस पिता विजय राजवत 22 वर्ष पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। कन्हैया का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। चाकू से हमला करने वाले माधव सोलंकी निवासी बहादुरगंज और गोलू माली निवासी गधा पुलिया के साथ अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं जिनकी तलाश जारी है।