कार पुल से गिरी, तीन युवकों की मौत

रीवा में होली पर घूमने निकले थे, बड़वानी में बस पलटी, 16 महीने की बच्ची की मौत

ब्रह्मास्त्र रीवा

मध्यप्रदेश में दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा रीवा में हुआ। यहां तेज रफ्तार कार पुल से नीचे गिर गई। इसमें तीन युवकों की जान चली गई। दूसरा हादसा बड़वानी में हुआ। यहां एक यात्री बस पलट गई। इसमें 16 महीने की बच्ची की मौत हो गई। वहीं 30 यात्री घायल हो गए।

डिवाइडर तोड़कर पुल से गिरी कार
रीवा जिले के गढ़ में नेशनल हाईवे-30 में तेज रफ्तार अर्टिगा डिवाइडर तोड़कर पुल से नीचे गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इंजन तक बाहर जा गिरा। कार की स्पीड अधिक थी, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान बृजेंद्र पटेल, लवकुश पटेल और अक्षयलाल पटेल के रूप में हुई। तीनों गढ़ के निवासी थे।

मजदूरों से भरी बस पलटी, 30 घायल
बड़वानी-सेंधवा स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे जूना झिरा गांव के पास मजदूरों से भरी एक बस पलट गई। हादसे में 16 माह की बच्ची की मौत हो गई। करीब 30 लोग घायल हैं। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। बस दोपहर में पलसूद से निकली थी। यात्रियों के अनुसार, बस तेज गति से चल रही थी और ड्राइवर नशे में था।

Author: Dainik Awantika