पारिवारिक विवाद को लेकर पहुंचे थे, विधायक के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन
ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में पारिवारिक विवाद को लेकर रविवार दोपहर को बाणगंगा थाने पहुंचे दो परिवारों को पुलिस ने थाने में बैठाया। इस दौरान थाने में एक पक्ष के व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। उसे हीरानगर के अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी मौत हो गई।
मामले में कांग्रेसियों ने पुलिस की लापरवाही को लेकर हंगामा किया। उन्होंने विधायक गोलू शुक्ला के घर के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। बाद में अफसरों के आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म हुआ।
घटना विधायक गोलू शुक्ला के घर के पास की है। यहां धर्मेंद्र नामदेव, उनकी बेटी प्रियंका, पत्नी रानी रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने जमाई हरिओम नामदेव, साथी मनीष और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे थे। वही, दूसरे पक्ष से बाद में जमाई हरिओम भी थाने पहुंचा। यहां करीब एक घंटे शिकायत करने को लेकर दोनों पक्षों को बैठा लिया गया। इस दौरान धर्मेंद्र नामदेव की तबीयत बिगड़ी। जिसमें उसके सीने में दर्द होने लगा। पुलिस ने धर्मेंद्र को बाहर भेज दिया। परिवार में पत्नी रानी और बेटी प्रियंका उसे तीन मंजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर धर्मेंद्र की कुछ देर बाद मौत हो गई।