विक्रमोत्सव में होगा 21 मार्च से अंतरराष्ट्रीय  फिल्म महोत्सव, 19 देशों की फिल्में प्रदर्शित  – नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, फिजी के राजनयिक भी शामिल होने उज्जैन आएंगे

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

उज्जैन में चल रहे विक्रमोत्सव 2025 के अंतर्गत पौराणिक फिल्मों का पहली बार अंतर राष्ट्रीय महोत्सव 21 मार्च को कालिदास अकादमी के संकुल हाल में सुबह 11 बजे से होगा। समारोह में अतिथि के रूप में दक्षिण अफ्रीकी उच्चायोग की राजनयिक रामसेला एवलिन, फिजी गणराज्य के उच्च आयोग के उच्चायुक्त एच.ई. जगन्नाथ सामल, नेपाल दूतावास के डिप्लोमैट रवींद्र जंग थापा एवं सचिव दीपक राज निरौला तथा लेसोथो उच्च आयोग की राजनयिक बोहलोकिमोरोजेल होंगे।महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पौराणिक फिल्मों पर केन्द्रित यह महोत्सव युगावतार श्रीकृष्ण पर केन्द्रित है। इसमें रूस, फ्रांस, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, फिजी, मंगोलिया, चेक गणराज्य, लिसोथो, हंगरी, वेनेजुएला, आइवरी कोस्ट, क्यूबा, माल्टा, साइप्रस, चाड, सूरीनाम, नेपाल एवं नाइजीरिया के राजदूत एवं प्रतिनिधि अपनी संस्कृति को हमारे साथ साझा करेंगे। महोत्सव में भारतीय फिल्मों सहित दक्षिण अमेरिका, अफ्रीकी एवं यूरोपीय देशों की संस्कृति पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक होगा।

Author: Dainik Awantika